ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. एसए मुजफ्फर को मुंबई में दी गई श्रद्धांजलि, बॉलीवुड कलाकारों ने किया नमन

चंदौली। जनपद के प्रसिद्ध चिकित्सक एवं सैम हॉस्पिटल के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. एसए मुजफ्फर की पुण्यतिथि पर मुंबई में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में हिंदी सिनेमा जगत के कई चर्चित कलाकारों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता रघुबीर यादव, अभिनेता मुकेश तिवारी और अभिनेता इश्तेयाक खान विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में डॉ. मुजफ्फर के पुत्र एवं फिल्म निर्देशक जैगम इमाम भी उपस्थित रहे।

 

श्रद्धांजलि सभा के दौरान सभी कलाकारों ने डॉ. एस. ए. मुजफ्फर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके सामाजिक एवं चिकित्सकीय योगदान को याद किया। कलाकारों ने कहा कि डॉ. मुजफ्फर ने अपना पूरा जीवन मानव सेवा और गरीबों के इलाज के लिए समर्पित कर दिया। चंदौली सहित पूरे पूर्वांचल में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

 

अभिनेता रघुबीर यादव ने कहा कि समाज में ऐसे व्यक्तित्व विरले ही होते हैं, जो अपने कार्यों से लोगों के दिलों में स्थायी स्थान बना लेते हैं। उन्होंने डॉ. मुजफ्फर को एक संवेदनशील और सेवा भाव रखने वाला इंसान बताया।

 

वहीं अभिनेता मुकेश तिवारी और इश्तेयाक खान ने भी डॉ. मुजफ्फर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में जो सेवा दी, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। कलाकारों ने जैगम इमाम और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. मुजफ्फर जैसे लोग समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं।

 

डॉ. एसए मुजफ्फर का निधन तीन वर्ष पूर्व हो गया था, लेकिन आज भी चंदौली और आसपास के क्षेत्रों में लोग उन्हें सम्मान और श्रद्धा के साथ याद करते हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उनके योगदान को पूर्वांचल में लंबे समय तक याद किया जाता रहेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!