
चंदौली। शनिवार को जिले में आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया। अलग-अलग घटनाओं में एक महिला, एक विवाहिता और एक बालिका की मौत हो गई। इन हादसों के बाद प्रभावित गांवों में मातम पसरा हुआ है।
नौगढ़ में घर के सामने झाड़ू लगा रही महिला की मौत
चकरघट्टा थाना क्षेत्र के बजरडीहा गांव में शनिवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से 60 वर्षीय शकुंतला देवी पत्नी रामचंद्र की मौत हो गई। बताया जाता है कि वह अपने घर के सामने झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और वह उसकी चपेट में आ गईं। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची चकरघट्टा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि महिला की मृत्यु आकाशीय बिजली गिरने से हुई है तथा आगे की विधिक प्रक्रिया की जा रही है।
चकिया में लकड़ी बीनने गई विवाहिता और बालिका की गई जान
वहीं चकिया कोतवाली क्षेत्र के धनावल कला गांव में शनिवार शाम तेज आंधी-तूफान के बीच हुए वज्रपात ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। लकड़ी बीनने गई 35 वर्षीय रूबी और 12 वर्षीय लक्ष्मी की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र स्थित गोसाईपुर गांव निवासी राजकुमार अपनी पत्नी रूबी के साथ पिछले दो वर्षों से धनावल कला गांव की चुप्पेपुर वनवासी बस्ती में रहकर मजदूरी करते थे। शनिवार शाम रूबी गांव के ही बेचू की पुत्री लक्ष्मी के साथ सीवान स्थित बगीचे के पास लकड़ी बीनने गई थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान के बीच हुए जोरदार वज्रपात की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान पप्पू यादव की सूचना पर थाना प्रभारी अर्जुन सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। तहसीलदार देवेंद्र कुमार ने भी राजस्व टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला संयुक्त चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है।
तहसीलदार देवेंद्र कुमार ने बताया कि मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा राहत सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संबंधित रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी गई है।

