चंदौलीराज्य/जिला

पूर्वांचल टाइम्स की खबर का असर: मुगलसराय में जुआ सिंडिकेट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 गिरफ्तार

चंदौली। मुगलसराय क्षेत्र के छेमिया में संचालित जुआ सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ताश के पत्ते, नकदी और बाइक भी बरामद की गई है। इस अवैध गतिविधि को लेकर पूर्वांचल टाइम्स ने अवैध गतिविधि की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई करते हुए जुआ खेलने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया।

एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने कार्रवाई की निगरानी की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छेमिया में कुछ लोग हार-जीत की शर्त लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शनिवार तड़के करीब 4:14 बजे मौके पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि पांच अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशील कुमार निवासी सहजौर, मनीष कुमार निवासी पराहूपुर तथा राजेन्द्र यादव निवासी छेमिया के रूप में हुई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 4 हजार रुपये नकद, 48 ताश के पत्ते, एक नथिंग कंपनी का मोबाइल फोन तथा आरोपियों की तलाशी से 2,740 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा ओप्पो, वीवो और नथिंग कंपनी के कुल चार मोबाइल फोन तथा दो मोटरसाइकिलें भी कब्जे में ली गईं। कुल बरामद धनराशि 6,740 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद तिवारी, आरक्षी अभय प्रताप सिंह तथा आरक्षी श्याम प्रकाश यादव शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!