
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के इटवां गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर हजारों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के दौरान घर में सो रहे 17 वर्षीय बीमार किशोर के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि चोरों ने पहले किशोर के मुंह पर स्प्रे छिड़का और विरोध करने पर उसके सिर तथा पीठ पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी छत के रास्ते फरार हो गए।

गांव निवासी मुन्ना प्रजापति के घर में चोर देर रात दाखिल हुए। परिवार के सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेट ली। चोरी हुए सामान की कीमत करीब दो से तीन लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा चोर 12 हजार रुपये नकद भी उठा ले गए।

बताया जा रहा है कि घर में मौजूद 17 वर्षीय किशोर की तबीयत खराब थी। चोरी के दौरान उसकी नींद खुल गई और उसने बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की। इस पर चोरों ने उसके मुंह पर स्प्रे छिड़क दिया। इसके बावजूद किशोर ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके सिर और पीठ पर मारपीट की। इसके बाद वे छत के रास्ते भाग निकले।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

