ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: मैजिक में अलग चेंबर बनाकर छिपाया था गांजा, शातिर तस्कर गिरफ्तार, 33.5 किलो गांजा बरामद

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से वाराणसी के चांदमारी ले जाया जा रहा था गांजे की खेप

चंदौली। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौगढ़ पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मैजिक पिकअप वाहन में विशेष गुप्त चैंबर बनाकर छिपाए गए 33 किलो 500 ग्राम अवैध गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

 

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष नौगढ़ संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक मैजिक पिकअप वाहन में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जयमोहनी रेंज के पास घेराबंदी कर मधुपुर की ओर जा रहे संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

 

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को डाले की सतह पर लगी लोहे की प्लेट के नीचे विशेष रूप से बनाया गया गुप्त चैंबर मिला। इसे खोलने पर अंदर प्लास्टिक और टेप से लिपटे गांजे के 33 बंडल बरामद हुए। मौके पर मौजूद तहसीलदार नौगढ़ की उपस्थिति में बरामद गांजे का वजन कराया गया, जो कुल 33 किलो 500 ग्राम निकला।

 

मौके से गिरफ्तार तस्कर की पहचान राजीव कुमार (29) पुत्र रवि कुमार निवासी ग्राम खण्डामौड़ा, थाना बहरागोड़ा, जनपद पूर्वी सिंहभूम, झारखंड के रूप में हुई। पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह गांजा अंबिकापुर से लेकर वाराणसी के चांदमारी जा रहा था।

 

पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त मैजिक पिकअप वाहन संख्या UP 65 JT 8607 को कब्जे में ले लिया। इस मामले में थाना नौगढ़ में मुकदमा अपराध संख्या 99/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में अभियोग दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष संतोष कुमार, उपनिरीक्षक अभय कुमार सिंह, हरिमोहन राम, हेड कांस्टेबल परशुराम तथा कांस्टेबल कोमल परिहार और विनोद कुमार शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!