fbpx
चंदौलीप्रशासन एवं पुलिस

पीडीडीयू नगर के परशुरामपुर में 1.65 करोड़ से बनेगी गोशाला, शासन ने जारी की 27 लाख की पहली किस्त

चंदौली। योगी सरकार गोसंरक्षण को लेकर प्रतिबद्ध है। पीडीडीयू नगर के परशुरामपुर में 1.65 करोड़ की लागत से गोशाला का निर्माण कराया जाएगा। पशुओं के रहने के लिए शेड, चरनी, भूमि के समतलीकरण के साथ ही गोबर प्लांट व चहारदीवारी बनेगी। शासन से पहली किस्त मिलने के बाद नगर पालिका प्रशासन कवायद में जुट गया है।

 

नगरीय इलाके में बेसहारा पशु सड़कों पर घूमते रहते हैं। इससे हर वक्त हादसे की आशंका बनी रहती है। वहीं पशुओं की जान पर भी खतरा बना रहता है। इस समस्या से जल्द ही निजात मिलने वाली है। पीडीडीयू नगर के परशुरामपुर में 26 विस्वा क्षेत्रफल में वृहद गोसंरक्षण केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए फिलहाल 19 विस्वा जमीन उपलब्ध है। नगर पालिका प्रशासन शेष जमीन की व्यवस्था में जुटा है। गोसंरक्षण केंद्र के चिह्नित स्थल के आसपास की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। नगर पालिका चेयरमैन संतोष खरवार ने बताया कि जल्द ही जमीन की व्यवस्था कर ली जाएगी। शासन से 27 लाख रुपये की पहली किस्त मिल चुकी है। जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।

 

लगेगा गोबर प्लांट, होगी आय

वृहद गोसरंक्षण केंद्र में 500 गायों को रखने की व्यवस्था रहेगी। गायों के गोबर के उपयोग के लिए प्लांट लगाया जाएगा। गोबर से खाद, गैस व अन्य उत्पाद तैयार कर बिक्री की जाएगी। इससे गोरंसक्षण केंद्र को आमदनी होगी। वहीं पशुओं के चारा-भूसा, खली-चूनी आदि की व्यवस्था सुलभ रहेगी। गोरंसक्षण केंद्र में शेड, चरनी, गोबर प्लांट आदि का निर्माण होगा। इसके अलावा ट्रैक्टर भी खरीदा जाएगा, जिसका उपयोग गोसंरक्षण केंद्र के कार्यों के लिए किया जाएगा।

 

निर्माण कार्य की गुणवत्ता का रखेंगे ध्यान

चेयरमैन ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गोसंरक्षण केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। इसकी गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। 1.65 करोड़ के प्रोजेक्ट के लिए शासन ने पहली किस्त भेजी है। जल्द ही जमीन की व्यवस्था कर निर्माण कार्य शुरू होगा, ताकि बेसहारा पशुओं को संरक्षित किया जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!