ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन अलर्ट, दुकानों में की छापेमारी, गंदगी पर विनायक स्वीट हाउस का लाइसेंस निलंबित

चहनिया के आर्य स्वीट हाउस से बर्फी और चाट के नमूने लिए, डीडीयू नगर में मिठाई निर्माण इकाई की जांच में मिली गंभीर खामियां, कई दुकानदारों को नोटिस

 

चंदौली। दीपावली के त्योहार पर मिलावटखोरी रोकने और लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चहनिया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (डीडीयू नगर) में मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। इस दौरान चहनिया के आर्य स्वीट हाउस से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि डीडीयू नगर के कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस में गंदगी मिलने पर उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

 

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। जनपदीय टीम का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी ने किया।

आर्य स्वीट हाउस से लिए नमूने

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चहनिया कस्बे में स्थित आर्य स्वीट हाउस पर अचानक छापेमारी की। यहां से बर्फी और चाट के नमूने एकत्र किए गए। इन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। टीम ने मिठाई बनाने के स्थान का भी निरीक्षण किया और संचालक को साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने की हिदायत दी।

निर्माण इकाई में मिली गंदगी, लाइसेंस निलंबित

डीडीयू नगर में राज्य सचल दल की अंतर्जनपदीय टीम ने जांच अभियान चलाया। कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस की निर्माण इकाई के निरीक्षण के दौरान अत्यधिक गंदगी और स्वच्छता संबंधी गंभीर खामियां मिलीं। इस पर टीम ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की। सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया। इसके अलावा अन्य दुकानों में मिली कमियों पर संचालकों को सुधार नोटिस जारी किए गए।

सहायक आयुक्त ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी। नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव और अरविंद कुमार शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!