
चंदौली। शहाबगंज ब्लॉक के हड़ौरा गांव में किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने जर्जर रेगुलेटर पुल धंसने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। पुल की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से तत्काल नए पुल के निर्माण की मांग की।
हड़ौरा स्थित केरायगांव ड्रेन पर सिंचाई विभाग की बंधी डिवीजन द्वारा रेगुलेटर और पुल का निर्माण कराया गया था। सैदूपुर से केरायगांव तक जाने वाली लेहरा शाख नहर रोड इसी पुल से होकर गुजरती है। यह मार्ग सिंचाई और आवागमन दोनों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि यहां से हजारों बीघा खेतों तक पानी पहुंचता है।
किसान विकास मंच के अनुसार, 20 मई की रात भारी वाहनों के आवागमन से पुल का एक हिस्सा धंस गया। हादसे की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने वहां लकड़ी और लाल कपड़ा लगाकर लोगों को सतर्क किया। मौके पर पहुंचे संगठन के पदाधिकारियों ने निरीक्षण कर पुल को बेहद खतरनाक बताया।
मंच के मंत्री राम अनंत पांडेय ने कहा कि जब तक नया पुल नहीं बनता, तब तक बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी। संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने पीडब्ल्यूडी इंजीनियर पंकज खेमका से वार्ता कर जल्द मरम्मत की मांग की। वहीं सलाहकार अशोक सिंह ने सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
कार्यक्रम में अशोक कुमार सिंह, नित्यानंद, प्रेमनाथ सिंह, दूधनाथ यादव, अमित यादव, विनोद खरवार समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

