fbpx
चंदौलीराजनीति

पूर्व सीएम के आगमन से पहले मनराजपुर पहुंचे पूर्व मंत्री, सपा विधायक संग अकेले में की गुफ्तगू, सरकार पर किया प्रहार

चंदौली। पुलिस दबिश के दौरान युवती की मौत के बाद मनराजपुर गांव में राजनीतिक दलों के नेताओं का आगमन हो रहा है। शनिवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री व सपा नेता ओमप्रकाश सिंह मनराजपुर गांव पहुंचे। इस दौरान मृतका के पिता कन्हैया यादव से बातकर घटना के बारे में जानकारी ली। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नौ मई को आगमन के मद्देनजर सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव से एकांत में बात की। घटना को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।

उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में पुलिस बेलगाम हो चुकी है। कन्हैया यादव, जो बालू व्यापारी हैं, उन पर खनन का कोई आरोप ही नहीं बनता है। पुलिस अपने बचाव में लगी है। जब बच्चे और महिलाएं घर में थीं तो पुलिस को घर में नहीं घुसना चाहिए थे। कहा कि सैयदराजा थाना सीमा पर स्थित है। यहां शराब की तस्करी धुंआधार हो रही है। व्यापक स्तर पर जीएसटी की चोरी हो रही है। बच्ची की मौत ऐसे ही नहीं हुई, पुलिस के उत्पीड़न से ही उसकी मौत हुई होगी। इसके बावजूद 302 का मुकदमा नहीं लिखा गया। दुष्कर्म पीड़िता थाने में अपनी शिकायत लेकर जाती है तो थानेदार व सीओ ने उसके साथ दुष्कर्म किया। सरकार दोषियों की वजाए, जनता पर बुल्डोजर चला रही है। महंगाई, बेरोजगारी की वजह से हर आदमी परेशान है। राशन बांटकर जनता को संतुष्ट करने का प्रयोग चल रहा है। यह 2024 तक दुखांत साबित होगा। जनता बंग्लादेश बंटवारे व 1975 की इमरजेंसी की गवाह रही है। हिंदुस्तान में 77 में पहली बार शांतिप्रिय क्रांति हुई थी। इस बार भी देश में शांतिप्रिय क्रांति होगी। नौजवान, किसान एकजुट होकर अपने हक की आवाज बुलंद करेंगे। विधायक ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जिले में आ रहे हैं। उनके साथ चर्चा की जाएगी। वहीं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन की रणनीति बनेगी। सड़क से लेकर संसद तक मामले को उठाया जाएगा।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!