
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव में पांच वर्षीय मासूम कार्तिक सिंह की मौत का मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि कार्तिक की मौत स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने जांच की दिशा बदलते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार करजरा गांव निवासी कृष्णा सिंह का पांच वर्षीय पुत्र कार्तिक सिंह रविवार सुबह करीब 10 बजे गांव के पास स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। करीब दो घंटे बाद जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद विद्यालय परिसर में ही कार्तिक का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के पिता कृष्णा सिंह बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं और घटना के समय घर से बाहर थे। परिवार में मां कंचन देवी, बड़ी बहन नीति सिंह (14 वर्ष), रोशनी सिंह (12 वर्ष) और कार्तिक रहते थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि आरोपी ने मासूम के सीने पर चढ़कर उसे मौत के घाट उतारा था। शरीर पर कई चोटों के निशान भी पाए गए हैं, जिससे हत्या की पुष्टि हुई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मोबाइल से पैसे ट्रांसफर करने को लेकर हुए विवाद समेत कुछ अन्य कारणों के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का सफल अनावरण किया जाएगा।

