चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: खाकी ने लिया हरियाली का संकल्प, शहाबगंज थाने में पुलिसकर्मियों ने किया पौधारोपण

संवाददाता:  बाबू चौहान

चंदौली। कानून व्यवस्था संभालने वाली खाकी वर्दी अब पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रही है। रविवार को शहाबगंज थाना परिसर में थाना प्रभारी कृपेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान थाने में तैनात सभी पुलिसकर्मियों ने पौधे लगाकर उनकी देखभाल का संकल्प लिया।

अभियान के तहत थाना परिसर में आम, अमरूद, नीम, नींबू, शीशम, सहजन और पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पुलिसकर्मियों ने लगाए गए पौधों को संरक्षित कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने की जिम्मेदारी भी ली।

थाना प्रभारी कृपेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति भी दायित्व निभाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण ही बेहतर भविष्य की नींव है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।

इस मौके पर उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव, हेड कांस्टेबल प्रभाकर मौर्य, हेड कांस्टेबल बालकृष्ण मौर्य, कांस्टेबल चंद्रशेखर कुमार सहित थाने के सभी पुलिसकर्मी मौजूद रहे और उत्साह के साथ पौधारोपण किया।

Back to top button
error: Content is protected !!