
चंदौली। भूगर्भ विभाग की ओर से जारी आंकड़े निहायत ही चिंताजनक हैं। वर्ष 2016 से 2024 के बीच विकास खंड चंदौली में 1.95 मीटर, चहनियां में 1.08 मीटर और शहाबगंज में 1.62 मीटर की भू जल स्तर में गिरावट पाई गई है। बहरहाल भू-जल के संरक्षण और संवर्धन के तहत जन जागरूकता लाने को भूजल विभाग की ओर से भूजल सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई।
मुख्य विकास अधिकारी ने भूगर्भ विभाग के अधिकारी से चंदौली के सभी विकास खंडों के भू जल स्तर के बारे में तुलनात्मक जानकारी मांगी। ग्राउंड वाटर रिचार्ज स्कीम लागू करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने गांवों एवं विद्यालयों में जल संरक्षण के कार्यक्रम आयोजित किए जाने के निर्देश भी दिए। वृक्षमित्र परशुराम सिंह और जलमित्र विनोद पांडेय ने वन संरक्षण व जल संरक्षण के संबंध में अपने विचार रखते हुए जल संरक्षण के दीर्घकालीन प्रबंधन की आवश्यकता पर बल दिया साथ ही वर्षा जल संचयन की तकनीक अपनाने पर विशेष जोर दिया। जल मित्र विनोद पांडेय द्वारा जल संरक्षण से संबंधित शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अधिशासी अभियन्ता चंद्रप्रभा, पीडी डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी और अन्य विभागों से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।