ख़बरेंचंदौली

Weather update : चक्रवाती तूफान को लेकर चंदौली में अलर्ट, 24 घंटे सक्रिय रहेगा आपदा कंट्रोल रूम, डीएम ने अफसरों को दिए निर्देश

चंदौली। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जनपद में किसी भी आपात स्थिति से निपटने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर कलेक्ट्रेट स्थित जिला आपदा प्रबंधन कक्ष में आपदा कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय कर दिया गया है। कंट्रोल रूम में अधिकारियों और कर्मचारियों की पालीवार तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। संभावित जलभराव, तेज हवाओं और अन्य आपदाओं से निपटने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य आपात स्थिति में प्रभावित लोगों तक समय से सहायता पहुंचाना और राहत कार्यों को तेजी से संचालित करना है।

 

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

जिला प्रशासन ने आमजन की सहायता के लिए आपदा कंट्रोल रूम के नंबर 1077 और 262100 जारी किए हैं। किसी भी दुर्घटना, जलभराव या आपदा से संबंधित सूचना देने और सहायता प्राप्त करने के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश

डीएम ने सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पुलिस और स्थानीय निकायों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने मुख्यालयों पर सतर्क रहने को कहा है। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जरूरी संसाधनों और राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।

 

अफवाहों से बचें, सावधानी बरतें

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि चक्रवाती मौसम के दौरान धैर्य बनाए रखें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें। मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों पर विश्वास न करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!