
चंदौली। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चंदौली पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली चकिया पुलिस ने छह अभ्यस्त अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल पैदा करने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले इन आरोपितों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(1) के तहत 10 सितंबर 2026 को कार्रवाई की गई।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करने के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
इन छह पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार गुंडा एक्ट के तहत जिन छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उनमें प्रहलाद शर्मा पुत्र ललित शर्मा, निवासी वार्ड नंबर छह गांधी नगर, थाना चकिया; मोनू उर्फ मियानू पुत्र कैलाश ठठेरा, निवासी सिकंदरपुर; नरसिंह चौहान पुत्र राधेश्याम चौहान, निवासी मोहम्मदाबाद; जावेद नाई पुत्र स्व. हबीब, निवासी बेलावर; राजन सोनकर पुत्र राजेश सोनकर, निवासी वार्ड नंबर एक इंदिरा नगर और अखिलेश कुमार गुप्ता पुत्र सुरेश, निवासी दूबेपुर, थाना चकिया शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, प्रहलाद शर्मा के खिलाफ वर्ष 2022 में चोरी और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। मोनू उर्फ मियानू के खिलाफ वर्ष 2025 में चोरी समेत अन्य धाराओं में दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। नरसिंह चौहान के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं।
जावेद नाई के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अलावा गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। राजन सोनकर के खिलाफ वर्ष 2025 में मारपीट और धमकी समेत संबंधित धाराओं में दो मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अखिलेश कुमार गुप्ता के खिलाफ चोरी समेत अन्य धाराओं में दो मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
तीन सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश राय और आरक्षी अमित दुबे शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

