
चंदौली। जनपद में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चंदौली पुलिस ने बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। 28 और 29 अक्टूबर की मध्यरात्रि एक बजे से सुबह चार बजे तक चले अभियान के दौरान पुलिस ने प्रमुख मार्गों, चौराहों, होटल, ढाबों, लॉज और सराय की जांच की। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखने के साथ विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर चेकिंग की गई। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मुगलसराय और अलीनगर थाना क्षेत्रों में रात्रि भ्रमण कर गश्त और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान के दौरान अलीनगर पुलिस ने 30 इंडेन गैस सिलिंडर और एक टाटा मैजिक बरामद करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। वहीं, तीन थानों में कुल आठ वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई।

ADG वाराणसी जोन नवीन अरोरा के निर्देशन और एसपी आकाश पटेल के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान का उद्देश्य अपराधियों की धरपकड़, संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना रहा। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों ने निर्धारित समय के दौरान गश्त और चेकिंग की।
होटल-ढाबों और संवेदनशील स्थानों पर जांच
अभियान के दौरान होटल, ढाबों, लॉज और सराय में ठहरे लोगों के विवरण का सत्यापन किया गया। प्रमुख बाजारों, चौराहों, व्यावसायिक क्षेत्रों और बैंकों के आसपास पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई। रात में आवागमन करने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई। संदिग्ध दस्तावेजों, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और संदिग्ध परिस्थितियों में मिले लोगों पर विशेष नजर रखी गई।

प्रमुख मार्गों और जनपद के सीमावर्ती क्षेत्रों में बैरियर लगाकर वाहनों के कागजात और चालकों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें।
एसपी ने परखी गश्त और सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मुगलसराय और अलीनगर क्षेत्र में भ्रमण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित गश्त, प्रभावी चेकिंग और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही चेकिंग के दौरान आमजन के साथ शालीन व्यवहार करने और अनावश्यक रूप से किसी को परेशान नहीं करने पर जोर दिया।

अलीनगर में चार गिरफ्तार, आठ वाहन सीज
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान अलीनगर थाने में एक अभियोग दर्ज कर 30 इंडेन गैस सिलिंडर और एक टाटा मैजिक बरामद किया गया। मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा चंदौली थाना पुलिस ने तीन, मुगलसराय पुलिस ने चार और सैयदराजा पुलिस ने एक वाहन सीज किया। इस प्रकार तीनों थानों में कुल आठ वाहनों को सीज करने की कार्रवाई हुई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह के विशेष और औचक अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत की जा सके।

