fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : पति ने कर ली दूसरी शादी, ससुराल में एंट्री के लिए महिला तीन दिन से दरवाजे पर दे रही धरना

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के महरखा गांव में तीन दिनों से एक महिला ससुराल के बाहर धरना दे रही है। उसका आरोप है कि पति ने दूसरी शादी कर ली है, और सास-ससुर दूसरी पत्नी का समर्थन कर रहे हैं। ससुराल वालों ने उसे घर में घुसने से रोक दिया है और धमकी दी है कि अगर वह जबरदस्ती घर में घुसेगी तो उसे मारेंगे।

 

पीड़िता प्रिया देवी का कहना है कि उसकी शादी 2004 में चंद्रप्रकाश के साथ हुई थी। शादी में माता-पिता ने दहेज भी दिया था, लेकिन इसके बावजूद उसे दहेज की अतिरिक्त मांगों को लेकर बार-बार प्रताड़ित किया गया। प्रिया ने बताया कि ससुराल वालों ने उसे तलाक देने के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र भी डाला, लेकिन न्यायालय ने उसे खारिज कर दिया और प्रिया के पक्ष में फैसला सुनाया। बावजूद इसके, ससुराल वालों ने उसे घर में जगह देने से इनकार कर दिया।

 

प्रिया ने यह भी आरोप लगाया है कि पति की दूसरी पत्नी और सास-ससुर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। वर्तमान में, वह कड़ाके की ठंड में तीन दिनों से ससुराल के दरवाजे के बाहर बैठकर न्याय की गुहार लगा रही है। इस मामले पर अलीनगर थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। अब सूचना मिलने पर पीड़िता से संपर्क कर उसकी मदद की जाएगी।

Back to top button