ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: एनएच-24 पर पटरी निर्माण की मांग को लेकर धरने पर बैठे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, जन सुरक्षा के सवाल पर मुखर, 15 दिन का अल्टीमेटम

चंदौली। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के कजहरा गांव के समीप एनएच-24 के किनारे पटरी निर्माण की मांग को लेकर सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए। सड़क किनारे पटरी नहीं होने से आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं और आवागमन में आ रही परेशानियों को लेकर आयोजित धरने में सैकड़ों महिलाएं और ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे जल्द पटरी निर्माण शुरू कराने की मांग उठाई।

 

धरने के दौरान पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने ठेकेदार और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों पर निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे पटरी नहीं होने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। पैदल चलने वाले ग्रामीणों को भी सड़क पर वाहनों के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए पटरी निर्माण बेहद जरूरी है, लेकिन संबंधित अधिकारियों की ओर से इस दिशा में अपेक्षित पहल नहीं की जा रही है।

 

प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने भी सड़क सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। उनका कहना था कि सड़क किनारे पटरी नहीं होने के कारण लोगों को रोजाना जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्या का जल्द समाधान कराने की अपील की।

 

15 दिन में निर्माण शुरू कराने का अल्टीमेटम

धरने के बाद पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी और नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिला प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए सड़क किनारे पटरी निर्माण की मांग पूरी कराने की बात कही। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

 

धरने की अध्यक्षता विंध्याचल यादव ने की, जबकि संचालन संतोष उपाध्याय ने किया। इस दौरान लल्लन बिंद, मुनिलाल मौर्य, करपट्टू पाल, दुलारे यादव, राम दुलारे कन्नौजिया, दया यादव, गुड्डू सिंह, संतोष सिंह और रजनीश सिंह शोलु सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!