![](https://www.purvanchaltimes.in/wp-content/uploads/2025/01/3ff1b557-5660-4587-a20e-0f558e650579.jpg)
चंदौली। जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में तहसील सभागार नौगढ़ में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 89 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इसमें 5 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि भूमि विवाद, तालाबों और चकरोड की पैमाइश, दाखिल-खारिज, अवैध कब्जा, और नाली के अतिक्रमण जैसे मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने पुलिस फोर्स की सहायता से अवैध कब्जों को हटाने और शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निस्तारित प्रकरणों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराना अनिवार्य बताया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने का आदेश दिया। मौके पर 5 प्रार्थना पत्रों के लिए जांच टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। संपूर्ण समाधान दिवस में प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, और वन क्षेत्राधिकारी सहित सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।