fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : डीएम ने मनरेगा कार्यों की समीक्षा की, बोले, फर्जीवाड़ा नहीं किया जाएगा बर्दाश्त

चंदौली। जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में अधिकारियों संग मीटिंग की। इस दौरान मनरेगा कार्यों की समीक्षा की गई। डीएम ने ब्लाकवार कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने योजना में फर्जीवाड़ा करने वालों को हिदायत दी। चेताया कि यदि लापरवाही सामने आई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि कच्चे कामों में अनियमितताओं की शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि जनपद में कराए गए कार्यों का जल्द सत्यापन कराया जाएगा। मौके पर उपस्थित श्रमिकों की फोटो और उपस्थिति का सही तरीके से प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। डीसी मनरेगा ने बताया कि जनपद में अमृत सरोवर योजना के तहत 774 जलाशयों में से 522 पर कार्य प्रगति पर है, जबकि 169 लंबित हैं। जिलाधिकारी ने रुके हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और पंचायत भवनों के निर्माण में तय समयसीमा का पालन करने पर भी जोर दिया।

 

ग्राम पंचायत अमड़ा में गौशाला निर्माण में व्यवधान पर कार्रवाई का निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाए। जनपद में 31 पंचायत भवनों का निर्माण मनरेगा से हो रहा है, जिनमें से 11 पूर्ण हो चुके हैं। शेष कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। खेल मैदानों और विशिष्ट खेलों के प्रोत्साहन से जुड़ी जानकारी तीन दिनों में प्रस्तुत करने को कहा गया। सकलडीहा, बरहनी और धानापुर के बीडीओ द्वारा ग्राम प्रधानों का डोंगल जमा करने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने इसे गंभीर मामला बताया। उन्होंने डोंगल तत्काल वापस करने के निर्देश दिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के निलंबन की चेतावनी दी।

Back to top button