चंदौली। जिले के बलुआ निवासी और वाराणसी के टकटकपुर क्षेत्र की राधापुरम कॉलोनी में किराए पर रहने वाले 40 वर्षीय दवा प्रतिनिधि अभिषेक यादव ने मंगलवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कैंट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभिषेक के आत्मघाती कदम के पीछे ऑनलाइन जुआ और शराब की लत को मुख्य कारण बताया जा रहा है।
अभिषेक अपनी पत्नी ममता और दो वर्षीय बेटे के साथ किराए के मकान में रहते थे। करीब साढ़े तीन महीने पहले ममता से हुए विवाद के बाद वह अपने मायके चली गई थीं, जिसके बाद अभिषेक अकेले रह रहे थे। मंगलवार सुबह मकान मालिक राधेश्याम दुबे ने देखा कि अभिषेक काफी देर तक बाहर नहीं निकले। जब रोशनदान से झांका तो उनका शव फंदे से लटका मिला। मकान मालिक ने तत्काल पुलिस को सूचित किया।
आसपास के लोगों के मुताबिक, अभिषेक ऑनलाइन जुआ और शराब के आदी हो गए थे। इन आदतों की वजह से पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था। ममता के मायके जाने के बाद से अभिषेक मानसिक रूप से और अधिक परेशान थे।
अभिषेक के पिता मुसाफिर सिंह किसान हैं, जबकि उनके ससुर अच्छे लाल यादव पीएसी में दरोगा हैं। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। अभिषेक की मौत से परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं।