fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : 76वें गणतंत्र दिवस पर चंदौली में शान से फहराया तिरंगा, राज्यमंत्री ने ली परेड की सलामी, सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

चंदौली। 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर महेंद्र टेक्निकल कॉलेज परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। राज्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को भारत की प्रस्तावना की शपथ दिलाई और पुलिस परेड की सलामी ली।

इस दौरान विभिन्न विभागों की झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इनमे पैंथर दस्ता, कमांडो दस्ता, यूपी 112, एंटी रोमियो फायर ब्रिगेड, बाल विवाह रोकथाम, स्वच्छता अभियान और महाकुंभ-2025 की तैयारियों से संबंधित झांकियां शामिल थीं। मंत्री ने इन प्रयासों की सराहना की। कहा कि उत्तर प्रदेश विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी स्थान पर है। दुग्ध, गन्ना, चीनी, सब्जी और तरबूज उत्पादन में प्रदेश का शीर्ष स्थान देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान है।

उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के योगदान को नमन किया। कहा कि हमारा संविधान दुनिया का सबसे बड़ा ग्रंथ है, जो हर नागरिक को समान अधिकार और जिम्मेदारियां देता है। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान भारत के चिकित्सकों और वैज्ञानिकों के योगदान को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोविड-19 वैक्सीन के सफल परीक्षण और वितरण की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आयोजन में उत्साह का संचार किया। समारोह में राज्यसभा सांसद साधना सिंह, जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे, एसपी आदित्य लांग्हे समेत अन्य मौजूद रहे।

कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण और स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान

जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे ने कलेक्ट्रेट परिसर में सुबह 8:30 बजे ध्वजारोहण कर संविधान में उल्लिखित संकल्पों का स्मरण कराया। इसके बाद सभागार में स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों को अंगवस्त्रम और मिष्ठान देकर सम्मानित किया।

उन्होंने प्रदेश के स्थापना दिवस और राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उल्लेख किया। युवाओं से राष्ट्रीय पर्वों की महत्ता को समझने और देशप्रेम की भावना को मजबूत करने की अपील की। नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और देश को स्वच्छ एवं विकसित बनाने में योगदान देने का संकल्प दिलाया।

 

डीडीयू मंडल में उल्लास के साथ मना गणतंत्र दिवस, डीआरएम ने परेड की सलामी ली, गिनाईं उपलब्धियां 

चंदौली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) में हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता द्वारा राष्ट्रध्वज फहराया गया। वहीं परेड की सलामी ली। उन्होंने डीडीयू मंडल की उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।

मंडल मुख्यालय स्थित बाकले रेल ग्राउंड पर आयोजित मुख्य समारोह में स्कूली छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान गाया गया। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा रेल सुरक्षा बल व एनसीसी पलटन का निरीक्षण किया गया। डीआरएम ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाओं के साथ मंडल रेल प्रबंधक द्वारा चालू वित्त वर्ष में डीडीयू मंडल की अब तक प्राप्त प्रमुख उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर रेल अधिकारियों सहित पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन/डीडीयू मंडल की सदस्याएं, मंडल में कर्मचारी यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में रेल कर्मी व आमजन उपस्थित रहे। गणतंत्र दिवस समारोह में डीडीयू मंडल के कला समिति, स्काउट एवं गाइड सदस्यों, स्कूली बच्चों द्वारा देशप्रेम से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

Back to top button