
चंदौली। ग्राम सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की पांच ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया गया है। ग्राम पंचायतों को विकास कार्य कराने के लिए 35 लाख से लेकर 10 लाख रुपये तक धनराशि दी गई है। प्रथम पुरस्कार पाने वाली ग्राम पंचायत को 35 लाख और पांचवें स्थान की ग्राम पंचायत को 10 लाख रुपये पुरस्कार राशि दी जाएगी।
जिले की पांच ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत पुरस्कृत किया गया है। धानापुर ब्लाक की ग्राम पंचायत कवलपुरा को प्रथम पुरस्कार दिया गया है। विकास कार्यों के लिए उसे 35 लाख रुपये दिए गए हैं। इससे लोगों में प्रसन्नता है। द्वितीय पुरस्कार (30 लाख रुपये) सराय पकवान, ततृीय पुरस्कार (20 लाख रुपये) मैंढ़ी, चौथा पुरस्कार (15 लाख) कम्हारी व पांचवां पुरस्कार (10 लाख) पलिया को दिया गया है। कवलपुरा ग्राम पंचायत की प्रधान अनीता देवी ने पहला पुरस्कार मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को रफ्तार दी जाएगी। पिछले साल पंचायत प्रहलादपुर को प्रथम स्थान मिला था। प्रधान प्रतिनिधि धरम सिंह ने बताया कि हर पहलू पर कार्य किया गया था।