
चंदौली। जगदीश सराय स्थित मैक्सवेल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में आयोजित बजरंग दल अभ्यास वर्ग का समापन गरिमामय वातावरण में हुआ। समापन सत्र में युवाओं को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा, संस्कार और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मैक्सवेल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के प्रबंध निदेशक, वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संगठन मंत्री डॉ. कृष्णानंद पाण्डेय ने उपस्थित अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।
समापन कार्यक्रम में काशी प्रांत बालोपासना प्रमुख देवानन्द चतुर्वेदी, गौ रक्षा प्रमुख काशी प्रांत आशुतोष सिंह, प्रांत मिलन प्रमुख काशी प्रांत तथा विश्व हिंदू परिषद चंदौली के जिला मंत्री शशी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अभ्यास वर्ग के दौरान युवाओं को राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सेवा कार्यों में सहभागिता, अनुशासन का पालन और संस्कारों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होने से समाज में सकारात्मक बदलाव को गति मिलती है।
समापन अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने युवाओं का आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित और समाजहित से जुड़े कार्यों में निरंतर सक्रिय रहें। सेवा गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए अनुशासन और संस्कारों को अपने व्यवहार में उतारें। कार्यक्रम के अंत में अभ्यास वर्ग में शामिल कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

