ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: बाबा कीनाराम का दर्शन-पूजन और आशीर्वाद लेकर गंतव्य को रवाना हुए साधु-संत, हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ संपन्न हुआ जन्मोत्सव कार्यक्रम

चंदौली। अघोराचार्य बाबा कीनाराम की जन्मस्थली एवं तपस्थली रामगढ़ में आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम के चौथे दिन रविवार को साधु-संतों ने बाबा कीनाराम के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। अघोरी पंथ और वैष्णवी परंपरा से जुड़े संतों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। आयोजन के समापन पर साधु-संतों को भोजन कराया गया और अंगवस्त्र व मुद्रा दान कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

 

संतों के विदा होने के दौरान बाबा कीनाराम की जय और हर-हर महादेव के गगनभेदी उद्घोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं और संतों में बाबा कीनाराम के प्रति गहरी आस्था देखने को मिली। इस अवसर पर पीठाधीश्वर सिद्धार्थ गौतम राम जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि बाबा कीनाराम का आशीर्वाद पूरे जनमानस पर सदैव बना हुआ है और आगे भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि बाबा कीनाराम ने अपना पूरा जीवन दूसरों की भलाई और जनकल्याण के लिए समर्पित किया। उन्होंने समाज में ऊंच-नीच, छुआछूत अथवा किसी भी प्रकार के भेदभाव को स्थान नहीं दिया और मानव धर्म को सर्वोपरि रखते हुए लोगों की सेवा की।

 

उन्होंने कहा कि बाबा कीनाराम ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी लोगों को प्रेरित किया और पेड़ों की रक्षा पर जोर दिया। अपने जीवन में उन्होंने किसी को किसी भी प्रकार का कष्ट नहीं दिया। इसलिए लोगों को उनके जीवन चरित्र का मनन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। इससे समाज में सेवा, सद्भाव और मानवता की भावना मजबूत होगी।

 

पीठाधीश्वर ने साधु-संतों और श्रद्धालुओं से बाबा कीनाराम के प्रसाद को ग्रहण कर स्वयं को धन्य मानने का आह्वान किया। इसके बाद संतों ने बाबा कीनाराम की जय, सिद्धार्थ गौतम राम जी की जय और हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ अपने-अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान किया।

 

कार्यक्रम में केंद्र व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह, अरुण सिंह, प्रभुनारायण सिंह उर्फ लल्ला सिंह, प्रमोद सिंह, लालबहादुर सिंह, राजेश यादव, रुद्र प्रताप सिंह, इंद्रेश कुमार, संगीता सिंह, भानू प्रताप सिंह, अमित, रूबी सिंह, धनंजय सिंह उर्फ धन जी, कुलदीप वर्मा, मिथिलेश सिंह, संतोष पटेल, अनिल पांडेय, बुज्जा पांडेय, दिनेश सोनकर, सुनील विश्वकर्मा, अशोक मौर्य, नंदू गुप्ता, संदीप पाटिल समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!