
चंदौली। घोरों के घोर अघोरेश्वर बाबा कीनाराम की जन्मस्थली एवं तपस्थली रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम धाम में तीन दिवसीय जन्मोत्सव कार्यक्रम का शनिवार को श्रद्धा और उल्लास के बीच समापन हुआ। अंतिम दिन धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बाबा कीनाराम के जयकारे और हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंजायमान रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन और वालंटियरों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

जन्मोत्सव के तीनों दिनों में दूरदराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली, चार पहिया व दो पहिया वाहनों तथा पैदल धाम पहुंचे। अंतिम दिन बाबा के दर्शन के लिए लंबी कतार लगी रही। दिन चढ़ने के साथ भीड़ बढ़ती गई। हालांकि, बाबा कीनाराम के जयकारे लगते ही श्रद्धालु स्वत: कतारबद्ध होकर दर्शन करते रहे। दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का भी आनंद लिया और विभिन्न दुकानों से खरीदारी की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
शनिवार की अलसुबह पूजा-पाठ, आरती और रामायण गान हुआ। इसके बाद लोकनाथ महाविद्यालय के बच्चों तथा अमर ज्योति सेवा केंद्र खड़ेहरा के दृष्टिबाधित बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। संजय तिवारी एवं साथियों और हुनर मंच संस्थान की ओर से भी कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। ‘मेरे राम जी आएंगे’ कार्यक्रम में अरुण सिंह, उमेश राठौर, अभय पवार, प्रद्युम्न यादव और शैलबाला मिश्रा ने प्रस्तुति दी। संगोष्ठी में गया सिंह, सीएन ओझा, आनंद सिंह और गंगेश पांडेय ने विचार रखे। रात में बिरहा गायक विजय लाल यादव और रुचि यादव के बीच मुकाबले ने दर्शकों का मनोरंजन किया।

बच्चों ने मेले में उठाया लुत्फ
तीन दिवसीय मेले में झूले और चरखियों पर बच्चों की भीड़ रही। चाट-पकौड़े, जलेबी, मिठाइयों और खिलौनों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ जुटी रही।

अन्नपूर्णा भवन में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं, साधु-संतों और दर्शकों के लिए अन्नपूर्णा भवन में भोजन एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई। एक समय में करीब दो हजार श्रद्धालुओं के बैठकर भोजन करने की व्यवस्था रही। कार्यकर्ता और वालंटियर लगातार व्यवस्थाओं में जुटे रहे।

मठाधीश्वर ने दिया आशीर्वचन
अंतिम दिन मठाधीश्वर अघोरेश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन दिया। उन्होंने कहा कि बाबा कीनाराम का आशीर्वाद जनमानस पर सदैव बना रहेगा। बाबा ने जीवनभर जनकल्याण और दूसरों की सेवा की तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से बाबा के जीवन चरित्र और बताए मार्ग का अनुसरण करने का आह्वान किया।

केंद्र व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह ने आयोजन की सफलता पर क्षेत्रवासियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र पांडेय और धनंजय सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान अरुण सिंह, प्रभुनारायण सिंह उर्फ लल्ला सिंह, इंद्रेश कुमार, रूबी सिंह, धनंजय सिंह, कुलदीप वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।





