ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: निशाने पर लगाया सटीक निशाना, मैढ़ी के राजवीर ने प्रदेश स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में जीता गोल्ड मेडल, SGFI राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

चंदौली। जिले के मैढ़ी क्षेत्र के युवा निशानेबाज राजवीर सिंह ने अपनी सटीक निशानेबाजी के दम पर प्रदेश स्तर पर शानदार सफलता हासिल की है। मेरठ के पिलौना में आयोजित 70वीं प्रदेश स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय राइफल एवं पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में जगदंबा शिक्षण संस्थान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मैढ़ी के छात्र राजवीर सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले और विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे प्रतिभाशाली बाल निशानेबाजों ने प्रतिभाग किया था।

कड़े मुकाबले में राजवीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने बेहतरीन मानसिक एकाग्रता और संतुलन का परिचय देते हुए लक्ष्य पर सटीक निशाना साधा। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ ही क्षेत्र के खेलप्रेमियों में भी खुशी का माहौल है।

 

राजवीर सिंह की सफलता पर विद्यालय में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। जगदंबा शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष अच्युतानन्द पाण्डेय, प्रधानाचार्य गजानन्द पाण्डेय और विवेक कुमार पाण्डेय ने राजवीर को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर राजवीर ने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

राजवीर के माता-पिता मनीष कुमार सिंह और पूजा सिंह ने बेटे की उपलब्धि पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि राजवीर की मेहनत का परिणाम प्रदेश स्तर पर स्वर्ण पदक के रूप में सामने आया है। परिवार ने उम्मीद जताई कि वह आगे भी इसी तरह सफलता हासिल करेगा।

 

प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही राजवीर सिंह ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। अब वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्र के लोगों ने राजवीर को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

 

Back to top button
error: Content is protected !!