
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर में मंगलवार रात सड़क हादसे में 65 वर्षीय पन्नालाल राम की मौत हो गई। वे काली पूजा कार्यक्रम से बाजा बजाकर अपने साथियों के साथ पैदल घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि सैदपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पन्नालाल को तत्काल चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि बताया जा रहा है कि उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी धाना देवी और पुत्र भोनू, गुड्डू, सोनू व टिक्कू सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

