
चंदौली । महेन्द्र टेक्निकल इंटर कालेज में बुधवार को नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को अभियान के प्रति प्रेरित किया गया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य दर्शना सिंह ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।
कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, जिनमें यह अधिनियम एक मील का पत्थर है। कहा कि प्रदेश सरकार भी महिला सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दे रही है। भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी हमेशा से महिला सशक्तिकरण और समान अधिकारों की पक्षधर रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसी सोच का परिणाम है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिनमें महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए गए। साथ ही विद्यालय में जागरूकता रैली निकाली गई।
हस्ताक्षर अभियान के दौरान बड़ी संख्या में छात्राओं, शिक्षकों व स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और अधिनियम के समर्थन में अपने हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में छात्राओं ने भी अपने विचार रखे और महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

