
चंदौली। जिले के रहवासियों की रोडवेज डिपो की बहुप्रतीक्षित मांग का रास्ता अब प्रशस्त हो गया है। शासन ने जनपद में 35 करोड़ की लागत से बनने वाले पीपीपी मॉडल रोडवेज डिपो के निर्माण को मंजूरी दे दी है। संभावना जताई जा रही है कि पूर्व में चिन्हित जिला मुख्यालय स्थित कृषि विभाग की चार एकड़ जमीन में रोडवेज डीपो का निर्माण कराया जाएगा।
दरअसल जनपद सृजन के ढाई दशक बाद भी रोडवेज डीपो की स्थापना नहीं हो पाई है। इससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके मद्देनजर बीते वर्षों से जिला प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से डिपो के निर्माण को लेकर कार्रवाई को अमल में लाया जा रहा था।मुख्यालय स्थित बिछिया कला में कृषि विभाग की चार एकड़ जमीन में स्थायी बस स्टैंड के निर्माण के लिए पूर्व में चिन्हित की गई थी। डिपो नहीं बनने से अब तक चंदौली डिपो का संचालन वाराणसी से हो रहा है।
अत्याधुनिक सुविधाओं का होगा इंतजाम
बहुमंजिले रोडवेज बस स्टैंड में एयरपोर्ट के तर्ज पर अत्याधुनिक सुविधाओं का इंतजाम होगा। बहुमंजिले भवन में होटल, रेस्टोरेंट और शापिंग माल की सुविधा तो होगी ही यात्रियों के बैठने, मनोरंजन के लिए डिस्प्ले, टायलेट, यूरिनल, रैंप, लाइटिंग बस इंफार्मेसन सिस्टम समेत अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अधिकारियों की मानें तो पचास बसों से डिपो की शुरूआत की जाएगी। गोरखपुर, लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य जिलों तक बसों का संचालन किया जाएगा।
