
चंदौली। धानापुर कस्बे में विजय दशमी पोखरा में डूबने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान धानापुर बस्ती निवासी शिवबचन के बेटे किशन के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
किशन अपने एक रिश्तेदार के बेटे के साथ विजय दशमी पोखरा घूमने गया था। वहां नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पोखरे में मरम्मत का काम कर रहे मजदूरों को बच्चे के डूबने की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद मजदूरों ने किशन को पानी से बाहर निकाला। आनन-फानन में 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालांकि, वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह के प्रतिनिधि विमल सिंह दादा मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
बताया गया कि शिवबचन के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। किशन की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

