चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: साइबर ठगों और ऑन लाइन गेमिंग वालों को बेचते थे बैंक खाते, एक खाते की कीमत 10 हजार,  तीन आरोपी गिरफ्तार

 

चंदौली।  जनपद की साइबर सेल ने साइबर ठगी में प्रयुक्त बैंक खाते बेचने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी साइबर ठगों और ऑन लाइन गेमिंग वालों को दस हजार रुपए लेकर खातों को बेच देते थे।

साइबर सेल की टीम मुगलसराय कस्बे में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कोयला मंडी क्षेत्र में कुछ युवक फाइनेंस कंपनी के नाम पर पंफलेट बांटकर लोगों को आसान शर्तों पर लोन दिलाने और बैंक खाते खुलवाने का प्रलोभन दे रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने बजरंगबली मंदिर के पास से तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में उनकी पहचान सुजीत कुमार पटेल उर्फ गुड्डू (32) निवासी भगवानपुर थाना लंका वाराणसी, सिकंदर राजभर (28) निवासी भगवानपुर थाना लंका वाराणसी तथा सुनील पटेल (25) निवासी छित्तूपुर थाना लंका वाराणसी के रूप में हुई।

बरामदगी

आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल फोन, 3 पैन कार्ड, 3 आधार कार्ड, 9 सिम लिफाफे व 2 सिम कार्ड, 12 विभिन्न बैंकों की पासबुक, 4 चेकबुक, 7 एटीएम कार्ड, 2 यूपीआई क्यूआर कोड, जेएफसीएम-IX एर्नाकुलम कोर्ट का एक नोटिस तथा ‘कीर्ति फाइनेंस’ के 20 प्रचार पंफलेट बरामद किए गए।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को बहला-फुसलाकर उनके बैंक खाते खुलवाते थे और एटीएम, चेकबुक व सिम अपने पास रख लेते थे। बाद में इन खातों को ऑनलाइन गेमिंग और साइबर फ्रॉड से जुड़े लोगों को 10 हजार रुपये प्रति खाते के हिसाब से बेच देते थे। अब तक वे करीब 15 बैंक खाते बेच चुके हैं। प्राप्त रकम को आपस में बांट लेते थे। पहचान छिपाने के लिए फर्जी पते वाले आधार कार्ड का भी इस्तेमाल करते थे।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृपेन्द्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव और कांस्टेबल मनोज चौहान शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!