
चंदौली। सप्ताह में पांच दिन काम और निचले स्तर के कर्मचारियों को परफॉरमेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) का लाभ देने समेत अन्य मांगों को बैंककर्मी शुक्रवार को हड़ताल पर रहे। इस दौरान कामकाज ठप कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। देशव्यापी हड़ताल के आह्वान पर जिले में बैंकों में कामकाज ठप होने के चलते खाताधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं करोड़ों का लेन-देन प्रभावित हुआ।
विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों ने शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के साथ ही निचले स्तर के कर्मचारियों को भी (PLI) का लाभ देने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) मुगलसराय मुख्य शाखा में कार्यरत कर्मचारी अवंतिका जोशी ने कहा कि बैंक कर्मचारी लंबे समय से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किए जाने की मांग कर रहे हैं। सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था होने से कर्मचारियों को काम और निजी जीवन के बीच बेहतर संतुलन बनाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा व्यवस्था में बैंक कर्मचारियों पर लगातार काम का दबाव बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि बैंक के फ्रंट-फेसिंग कर्मचारी सीधे ग्राहकों के संपर्क में रहते हैं। उन्हें रोजाना ग्राहकों की शिकायतों और समस्याओं का समाधान करने के साथ ही हेड ऑफिस की ओर से निर्धारित विभिन्न लक्ष्यों को भी पूरा करना पड़ता है। ऐसे में कार्यभार बढ़ने से कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव रहता है।
अवंतिका जोशी ने कहा कि बैंक के निचले स्तर के कर्मचारी भी रोजमर्रा के कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अत्यधिक कार्यभार के बावजूद उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और विशेषाधिकार नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों को दिए जाने वाले पीएलआई की तर्ज पर निचले स्तर के कर्मचारियों को भी परफॉरमेंस लिंक्ड इंसेंटिव का लाभ दिया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि सभी कर्मचारियों के लिए समान पीएलआई व्यवस्था लागू करना संभव नहीं है तो किसी भी स्तर के अधिकारी को यह इंसेंटिव नहीं दिया जाना चाहिए। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और इन्हें लेकर बैंक प्रबंधन को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग और समान पीएलआई व्यवस्था सहित अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा, जिससे उन्हें राहत मिलने के साथ बैंकिंग व्यवस्था में भी बेहतर कार्य वातावरण कायम हो सके।

