
चंदौली। रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में बाबा कीनाराम के 427वें जन्मोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को धार्मिक अनुष्ठानों और भक्तिमय माहौल के बीच हुआ। सुबह से ही बाबा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। मठ के पुजारियों ने बाबा किनेश्वर महादेव का विधि-विधान से जलाभिषेक कराया। इसके बाद मंदिर परिसर में पूजन-अर्चन का क्रम शुरू हुआ।
जन्मोत्सव के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीत प्रस्तुत किए। बाबा कीनाराम इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सोहर, शिव तांडव और भजनों की प्रस्तुति से समां बांधा। भैया लाल, मनजीत लाल, राकेश उपाध्याय, किरण राय और सुमन अग्रहरि ने गजल एवं शास्त्रीय संगीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। इस दौरान ‘बाबा कीनाराम की जय’ के जयघोष से पूरा मठ परिसर गूंजता रहा।
सांसद और विधायक ने किया दर्शन-पूजन
कार्यक्रम में सांसद वीरेंद्र सिंह और विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव भी मठ पहुंचे और बाबा कीनाराम का दर्शन-पूजन किया। आयोजकों ने दोनों जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने बाबा कीनाराम के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों और जनपदवासियों को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
बारिश के बीच भी नहीं कम हुआ उत्साह
बारिश के कारण मेला स्थल पर श्रद्धालुओं को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन आस्था और उत्साह में कमी नहीं आई। रात करीब 10 बजे भोजपुरी गायक समर सिंह के कार्यक्रम की शुरुआत होते ही कार्यक्रम स्थल पर भीड़ बढ़ गई। बारिश के बीच भी श्रोता भोजपुरी गीतों पर झूमते नजर आए।
समर सिंह के पहुंचते ही भीड़ बढ़ने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी। जिला प्रशासन और बलुआ थाना प्रभारी संतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी ने मंच से लोगों से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और देर रात तक श्रद्धालु व संगीत प्रेमी कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।

