
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव निवासी दो चचेरी बहनों ने शुक्रवार को सैदपुर पुल से गंगा में छलांग लगा दी। इसमें गहरे पानी में डूबने से एक की मौत हो गई। वहीं पुलिस की तत्परता से दूसरी की जान बच गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही।
मोलनापुर गांव निवासी रमेश यादव की पुत्री सोनी (18 वर्ष) और सुरेश यादव की पुत्री चंचल यादव (19 वर्ष) प्रैक्टिकल देने के लिए गई थीं। इसी दौरान अचानक सैदपुर मारूफपुर पुल से गंगा में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सैदपुर पुलिस और गोताखोरों की मुस्तैदी से एक लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरी की नदी में डूबने से मौत हो गई।
डूबने वाली लड़की की पहचान सोनी यादव के रूप में हुई है। वहीं चंचल को बचा लिया गया, जिसका इलाज सैदपुर सीएचसी में चल रहा है। घटना के दौरान मौके पर पहुंचे सैदपुर कस्बा चौकी इंचार्ज मनोज कुमार पांडेय ने चंचल को अपनी गोद में लेकर तुरंत अस्पताल भेजवाया। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है और लोग उनकी सराहना कर रहे हैं।
सैदपुर कोतवाल योगेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों लड़कियां चन्दौली जिले के मोलनापुर गांव की रहने वाली थीं। दोनों शुक्रवार को घर से प्रैक्टिकल देने निकली थीं। उसी दौरान गंगा में कूद गईं। फिलहाल घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।