चंदौलीप्रशासन एवं पुलिसराज्य/जिला

Chandauli News: अमृत सरोवर को अतिक्रमण मुक्त कराने को प्रशासन ने शुरू की बुलडोजर कार्रवाई

संवाददाता: बाबू चौहान 

चंदौली। चकिया तहसील क्षेत्र के इलिया कस्बे में स्थित अमृत सरोवर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए मंगलवार को प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाया। तहसीलदार देवेंद्र यादव के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने करीब ढाई घंटे तक कार्रवाई करते हुए सरोवर के आसपास किए गए अवैध कब्जों को हटाया।

तहसीलदार देवेंद्र यादव ने बताया कि अमृत सरोवर की भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। शाम होने के कारण कार्रवाई को अस्थायी रूप से रोक दिया गया, जिसे अगले दिन पुनः जारी रखा जाएगा।

उन्होंने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे स्वयं अपने अवैध कब्जे हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों और जल संरक्षण से जुड़े स्थलों को सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

अभियान के दौरान दो नायब तहसीलदार, 30 लेखपाल, 10 राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) सहित बड़ी संख्या में राजस्व कर्मी मौजूद रहे। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलिया थाना पुलिस भी मौके पर तैनात रही।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अमृत सरोवर को अतिक्रमण मुक्त किए जाने से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और सार्वजनिक भूमि सुरक्षित रह सकेगी। प्रशासन की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

Back to top button
error: Content is protected !!