
चंदौली। जिले में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्युत समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद वीरेन्द्र सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, जर्जर तारों तथा खराब ट्रांसफार्मरों की समस्याओं पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में सांसद ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य अभियंता और अधिशासी अभियंता के साथ जिले की विद्युत व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच आम जनता बिजली संकट से जूझ रही है, जबकि विभागीय स्तर पर समस्याओं के समाधान में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मनमानी बिजली कटौती किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
सांसद ने अधिकारियों के सामने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्याप्त समस्याओं को उठाते हुए कहा कि कई गांवों और कस्बों में लो-वोल्टेज की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। वहीं अनेक स्थानों पर जर्जर और ढीले तार हादसों का कारण बन सकते हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे सभी तारों को तत्काल बदला जाए तथा ढीले तारों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए।
बैठक में खराब और जले हुए ट्रांसफार्मरों के मुद्दे पर भी गंभीर चर्चा हुई। सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें बदला या मरम्मत किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान जिलाधिकारी और सांसद ने संयुक्त रूप से अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक घर तक निर्बाध और सुरक्षित बिजली पहुंचाना विभाग की जिम्मेदारी है। आम जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सांसद छोटेलाल खरवार ने नौगढ़ और अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में बिजली सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई गांवों में आज भी स्थायी विद्युत व्यवस्था नहीं पहुंच सकी है। इसके अलावा ग्रामीणों द्वारा बांस और बल्लियों के सहारे दूर-दराज से बिजली खींचने की खतरनाक व्यवस्था पर भी चिंता जताई गई। सांसद वीरेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे क्षेत्रों में शीघ्र बिजली के पोल लगाकर सुरक्षित और स्थायी आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक के अंत में सांसद ने विद्युत विभाग को तय समय सीमा के भीतर सभी समस्याओं के समाधान का निर्देश देते हुए कहा कि यदि कार्यों में लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उच्च स्तर पर पत्राचार किया जाएगा। बैठक में विधायक प्रभु नारायण यादव, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई तथा विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

