
चंदौली। बलुआ थाना परिसर में मंगलवार शाम पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल ने स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात और जनसमस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बलुआ थाने का स्थलीय निरीक्षण करते हुए शिकायत रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क और शस्त्रागार का जायजा लिया। थाने की साफ-सफाई, साज-सज्जा और बागवानी की सराहना भी की।
व्यापारियों ने चहनियां क्षेत्र में लगने वाले जाम और अन्य समस्याओं को उठाया। एसपी ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान स्थानीय पुलिस के माध्यम से कराया जाएगा। उन्होंने बलुआ पुल के पास ओवरलोड वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए लगाए गए बैरिकेटिंग की भी जानकारी ली।
कार्यक्रम के अंत में चहनियां व्यापार मंडल की ओर से एसपी आकाश पटेल को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर, सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष भानू प्रताप यादव, समाजसेवी अजय सिंह, गोपाल गुप्ता, सतीश गुप्ता, सरिद्वार यादव, शिवलाल जायसवाल, जयप्रकाश यादव, निकेश सिंह, ध्रुव मिश्रा, उमेश गुप्ता, राजन सेठ और मुन्ना सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।

