
चंदौली। जनपद के ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित मांग पत्र सौंपा। मांग किया कि 26 मई को वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है जबकि निकट भविष्य में पंचायत चुनाव होने की कोई संभावना दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में पंचायतों के सुचारु रूप से संचालन और विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए।
जिलाध्यक्ष पवन प्रताप सिंह ने कहा कि ग्राम प्रधान गांव की मूलभूत समस्याओं और आवश्यकताओं को सबसे बेहतर तरीके से जानते हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू करने में ग्राम प्रधानों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। यदि कार्यकाल समाप्त होने के बाद नई व्यवस्था लागू नहीं हो पाती है। तो ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं। देश के कई राज्यों में चुनाव न होने की स्थिति में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाए जाने के उदाहरण पहले भी सामने आ चुके हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार को भी इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक मद और मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों का भुगतान 26 मई से पहले सुनिश्चित कराया जाए जिससे भविष्य में भुगतान संबंधी कोई बाधा उत्पन्न न हो । बृजेश सिंह रिंटू, विवेक कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, जेपी चौहान, सतीश कुमार सिंह, नीलम यादव, धीरज यादव, चंद्रमा सिंह सहित कई ग्राम प्रधान उपस्थित थे।

