fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : लेखपाल, सचिव व बीट सिपाही निबटाएंगे गांवों के झगड़े, डीएम व एसपी ने समाधान दिवस में दिया निर्देश

चंदौली। शासन की मंशा के अनुरूप थानों पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे व एसपी डा. अनिल कुमार ने सदर कोतवाली में फरियादियों की फरियाद सुनी। इस दौरान शिकायतों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। कहा कि लेखपाल, सचिव व बीट सिपाही आपसी समन्वय के साथ गांवों के झगड़े निबटाएं।

अधिकारियों ने कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग से सम्बन्धित शिकायतों का निस्तारण आपसी सामंजस्य से सुनिश्चित किया जाए, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न की जाए। जन सुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गम्भीरता से सुनते हुए कुछ का मौके पर ही निस्तारण किया गया। कुछ प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण हेतु सम्बंधित को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होगा। पीड़ित व्यक्ति को निष्पक्षता के साथ न्याय मिलेगा। उन्होंने जनपद के सभी कर्मियो को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण जल्द से जल्द किया जाना चाहिए। जिन प्रार्थना पत्रों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से किया जाना है, उन पर रिपोर्ट लगाकर सम्बंधित अधिकारी को प्रेषित करें। इससे समय से उचित निस्तारण कराया जा सके। एसपी ने कहा कि जमीन से सम्बंधित सभी प्रकरणों में पुलिस व राजस्व की टीमों की ओर से संयुक्त रूप से सभी प्रकरण का निस्तारण किया जा रहा है। ताकि फरियादियों को अलग-अलग भटकना न पड़े व प्रकरणों का त्वरित व न्याय पूर्ण निस्तारण हो सके। समाधान दिवस में राजस्व के 50 और पुलिस के 21 मामले आए। इसमें राजस्व के 37 और पुलिस के 18 वादों का निस्तारण कराया गया।

Back to top button