ख़बरेंचंदौली

चुनाव की तैयारी में जुटा प्रशासन : वल्नरेबल और क्रिटिकल मतदान स्थलों की होगी गहन समीक्षा, डीएम-एसपी ने दिए सुरक्षा और सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश

 बूथों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और रैंप की उपलब्धता का होगा भौतिक सत्यापन

 ग्राम भ्रमण के दौरान मिलने वाली चुनाव संबंधी शिकायतों का मतदान से पहले होगा निस्तारण

प्रशासन और पुलिस के सेक्टर मजिस्ट्रेटों की संयुक्त बैठक में बनी रणनीति

 

चंदौली। आगामी निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही मतदाताओं के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस संबंध में सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार तथा पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की उपस्थिति में आईटीआई सभागार, रेवसा में प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रशासनिक सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस सेक्टर मजिस्ट्रेट शामिल हुए।

 

बैठक में आगामी निर्वाचन की तैयारियों, मतदान केंद्रों की स्थिति और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को वल्नरेबल (संवेदनशील) एवं क्रिटिकल मतदान स्थलों की मैपिंग का गंभीरता से अवलोकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान मतदान केंद्रों और उनके आसपास के क्षेत्रों की स्थिति का बारीकी से आकलन किया जाए। यदि कहीं किसी प्रकार की समस्या, विवाद अथवा संवेदनशीलता सामने आती है तो उसे तत्काल चिह्नित कर संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) को इसकी सूचना उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं का होगा सत्यापन

जिलाधिकारी ने सभी मतदेय स्थलों पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं (एएमएफ) की उपलब्धता का भौतिक सत्यापन कराने पर जोर दिया। इसके तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप और छाया जैसी आवश्यक सुविधाओं की जांच की जाएगी। निरीक्षण के दौरान यदि किसी मतदान स्थल पर सुविधाओं की कमी मिलती है तो उसे मतदान से पहले हर हाल में दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

गांवों में भ्रमण कर शिकायतों का करेंगे निस्तारण

डीएम और एसपी ने संयुक्त रूप से निर्देश दिया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें। इस दौरान आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर निर्वाचन से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी प्राप्त करें। ग्रामीणों की ओर से मिलने वाली शिकायतों का समयबद्ध और समुचित निस्तारण मतदान से पहले सुनिश्चित किया जाए।

 

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा, भय या दबाव की स्थिति नहीं होनी चाहिए। प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वह बिना किसी डर और दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर सहित प्रशासनिक और पुलिस विभाग के सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!