
चंदौली। बाबा कीनाराम स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ भव्य समापन हुआ। खिताबी मुकाबले में वाराणसी और चंदौली की टीमें आमने-सामने रहीं। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए वाराणसी की टीम ने चंदौली को पराजित कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। वाराणसी की जीत के साथ ही मैदान में मौजूद खेल प्रेमियों में उत्साह देखने को मिला।
फाइनल मुकाबले में चंदौली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित सात ओवर में 60 रन बनाए। इसके बाद जीत के लिए 61 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाराणसी की टीम ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। बल्लेबाजों ने बेहतरीन तालमेल और दमदार प्रदर्शन करते हुए महज पांच ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह वाराणसी ने शानदार जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमा लिया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्यामलाल सिंह सिपाही रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिल यादव सिपाही और शैलेंद्र सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दीनानाथ शर्मा ने की, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी आशीष सिंह रघुवंशी ने निभाई। इस अवसर पर अतिथियों ने विजेता टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, आपसी भाईचारे, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन होने से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
अंत में आयोजकों ने दस दिवसीय प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले खिलाड़ियों, अतिथियों और क्षेत्रीय खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर आकाश सिंह, विकास सिंह, गौरव सिंह, पिंटू पांडेय, दानिश अंसारी, राहुल यादव, राजेश मौर्य, संदीप पांडेय, संदीप बरनवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

