fbpx
क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

चंदौली: दो गांवों के सिवान में लगी आग, 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर हो गई खाक

संवाददाताः फरीदुद्दीन फरीद

चंदौली। जिले में आग का कहर जारी है। गुरुवार को धीना थाना के सिलौटा और बबुरी थाना अंतर्गत चनहटा गांव के सिवान में आग लगने से 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना के बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित किसानों से बात की और क्षति का आंकलन करते हुए जल्द मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया।

सिलौटा गांव के सिवान में दोपहर के वक्त धुआं उठता देख किसान भागकर मौके पर पहुंचे। देखा तो फसल धू-धूकर जल रही थी। तेज हवा के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लोगों ने तत्काल फोनकर पुलिस को सूचना दी। एसओ अजीत सिंह फोर्स के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने आग बुझाने में किसानों की मदद की, जबकि जब सब कुछ जल गया तो फायर ब्रिगेड पहुंचा। इससे किसानों में आक्रोश दिखा। अगलगी की घटना में रमाकांत और लालबिहारी का चार-चार बिस्वा, लालचंद का छह बिस्वा, शिवपूजन का तीन बिस्वा, शीला देवी का एक बीघा, नरेंद्र का छह बिस्वा, अमरदेव का दो बिस्वा, जंगबहादुर का सात बिस्वा, शिवलोचन का डेढ़ बीघा, शोभनाथ का दस बिस्वा, बलवंत का चार बिस्वा गेहूं जल गया। इसके अलावा काश्तकारों से बंटाई पर लेकर खेती करने वाले किसान विंध्याचल का दो बीघा, श्रवण का एक बीघा, सरोज का डेढ़ बीघा, रवींद्र राम का तीन बीघा और अवधेश की डेढ़ बीघा फसल जल गई। राजस्व विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर सर्वे किया। वहीं बबुरी क्षेत्र के चनहटा गांव में अलगी से बुल्लू यादव, जगदीश साहनी, भोला यादव आदि किसानों का पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।

Back to top button
error: Content is protected !!