
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के अमादपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब भारी-भरकम अजगर मछुआरों की जाल में फंस गया। करीब 10 फीट लंबा और लगभग 50 किलो वजनी अजगर मछुआरों की जाल में फंस गया था। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण जुट गए। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, लेकिन वन विभाग की टीम कई घंटे बाद भी नहीं पहुंची। इससे लोगों में आक्रोश दिखा।
गांव के आनंद मल्लाह ने सोमवार शाम रोज की तरह गंगा नदी में मछली पकड़ने के लिए जाल डाला था। मंगलवार सुबह जब वह जाल निकालने पहुंचे तो अचानक जाल असामान्य रूप से भारी लगने लगा। अकेले जाल खींचना संभव नहीं हुआ तो उन्होंने अन्य मल्लाहों को मदद के लिए बुलाया। कई लोगों के प्रयास के बाद जाल नदी से बाहर निकाला गया तो उसमें मछलियों की जगह एक भारी-भरकम अजगर फंसा हुआ मिला।
अजगर को देख ग्रामीण हैरान रह गए। बच्चे और महिलाएं तो दूर से ही डरकर भागने लगे। वहीं, कई लोग उत्सुकता से अजगर को देखने के लिए मौके पर जुट गए। अजगर का वजन और आकार देखकर ग्रामीण दंग रह गए। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। लेकिन लोगों का कहना है कि सूचना देने के कई घंटे बाद भी विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि अजगर जाल से निकलकर इधर-उधर भाग जाता तो इंसानों और पशुओं के लिए खतरा बढ़ सकता था।