fbpx
चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

शहीदों के अपमान पर लाल हुए भाजपा विधायक सुशील सिंह, बोले चकनाचूर होगा घमंड

चंदौली। पूर्व विधायक और सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने रविवार को पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन समारोह के दौरान धानापुर शहीद स्मारक पर सपा का झंडा फहरा दिया। अतिउत्साह और पार्टी प्रेम में किए गए उनके इस कार्य की काफी आलोचना हो रही है। जहां शहीदों के सम्मान में लोगों के सिर स्वतः झुक जाते हैं और तिरंगा फहराया जाता है वहां पार्टी विशेष का झंडा लहराने को लोग शहीदों का अपमान बता रहे हैं। क्षेत्रीय विधायक सुशील सिंह ने भी इस घटना की निंदा की है। विधायक का कहना है कि शहीदों को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करने वाले पूर्व विधायक का असल चरित्र सामने आ ही गया। अपने नेता को खुश करने के लिए यह किसी भी हद तक जा सकते हैं। शहीदों के सम्मान से इनकी पार्टी का ही कोई लेना-देना नहीं है तो ये क्या समझेंगे। अपनी पार्टी के चरित्र के अनुरूप ही इन्होंने कार्य किया है।

विधायक सुशील सिंह शहीद स्मारक पर सपा का झंडा फहराए जाने की घटना से काफी आहत हैं। उनका कहना है कि जिस डंडे में तिरंगा फहरता है उसी में राजनैतिक दल का झंडा लगाना काफी निंदनीय है। शहीदों का अपमान करना यानी देश का अपमान करना। कार्यक्रम किया वहां तक तो ठीक था लेकिन ऐसी हरकत सरासर शहीदों का अपमान है। हालांकि इनके नेता जी का भी चरित्र ऐसा ही है कि वोट लेने के लिए ये किसी भी सीमा तक जा सकते हैं। पूर्व विधायक भी वोट के लिए ही इस तरह का खेल कर रहे हैं। लेकिन समाज इनको माफ नहीं करेगा। इनका घमंड पहले भी चूर हुआ है और 2022 में बुरी तरह चकनाचूर होगा।

पूर्व विधायक के आवास पर पहुंची पुलिस
शहीद स्मारक पर राजनैतिक दल का झंडा फहराने की घटना को जिला प्रशासन से भी संजीदगी से लिया है। शहीद स्मारक के संरक्षक और समिति सदस्यों की शिकायत पर पुलिस पूर्व विधायक के आवास पहुंची और इस मामले में उनका बयान लिया। घटना से लोगों में भी काफी आक्रोश देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button