fbpx
चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

मनराजपुर पहुंचे भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर रावण ने प्रशासन से पूछे तीखे सवाल, सरकार को 72 घंटे का अल्टीमेटम

चंदौली। मनराजपुर कांड को लेकर सियासत गरमा गई है। भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद रावण शुक्रवार को पीड़ित परिजनों का हाल जानने के लिए सैयदराजा के मनराजपुर गांव पहुंचे। मृतका के पिता कन्हैया यादव से बात की। उन्होंने मनराजपुर पीड़ितों को 50 लाख रुपये मुआवजा दिलाने, परिवार में एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी व परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। चेताया कि यदि 72 घंटे के अंदर मांगें पूरी नहीं हुई तो कार्यकर्ताओं के साथ चंदौली जिला मुख्यालय पर आंदोलन शुरू करूंगा, जो पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक जारी रहेगा।

कहा कि पुलिस के खिलाफ आरोप लगे हैं और पुलिस ही जांच कर रही है। इससे निष्पक्षता व पारदर्शिता पर सवाल खड़े होंगे। इसकी सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए। वहीं आरोपित पुलिसवालों की गिरफ्तारी कब होगी, यह मुख्यमंत्री बताएं। उन्होंने सवाल किया कि सरकार बताए कि यह सामाजिक न्याय कैसे हो सकता है। पुलिस अपने पक्ष के लोगों को बचाने के लिए कुछ भी कर सकती है। यदि पीड़ित परिवार डर के साये में रहेगा तो न्याय कैसे मिलेगा। सरकार सभी को न्याय देने का काम करे। उन्होंने सरकार को 72 घंटे का समय दिया। कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो 72 घंटे के बाद जिला मुख्यालय पर धरना शुरू होगा। हम देखना चाहते हैं कि सरकार और पुलिस मिलकर एक बेटी को न्याय दिलाती है। मथुरा में रेप पीड़िता को थाने में बैठाया गया। पुलिस रक्षक से भक्षक बन गई है। थाने में रेप होगा तो जनता कहां जाएगी। पुलिस के अंदर इतना साहस कहां से आया कि थाने में इस तरह के कृत्य होने लगे। ऐसी पुलिस को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!