चंदौलीराज्य/जिला

मुगलसराय में सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासनिक घेराबंदी शुरू, नौ व्यापारी नेता हुए पाबंद, नोटिस जारी

चंदौली। पीडीडीयू नगर में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। शांति व्यवस्था भंग की आशंका के मद्देनजर नौ व्यापारी नेताओं को नोटिस जारी करते हुए उन्हें पाबंद किया गया है।

थाना मुगलसराय के प्रभारी निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर उपजिलाधिकारी, पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर ने धारा 130/131 बीएनएसएस के तहत यह कार्रवाई की है। पुलिस आख्या में कहा गया है कि जीटी रोड के फोरलेन निर्माण के दौरान अतिक्रमण हटाने का कार्य लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा किया जाना प्रस्तावित है, जिसमें कुछ लोग बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।

प्रशासन के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में संबंधित पक्षों द्वारा प्रदर्शन की संभावना है, जिससे क्षेत्र में तनाव और शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसी को देखते हुए एहतियातन कदम उठाया गया है।

नोटिस में चन्देश्वर जायसवाल, राजीव जायसवाल, वरुण जायसवाल उर्फ बंटी, अंकुर जायसवाल, सौरभ जायसवाल, सर्वजीत सिंह, कुंदन सिंह, चन्द्रभूषण मिश्रा उर्फ कौशिक और सतनाम सिंह को नामजद किया गया है।

उपजिलाधिकारी ने सभी नामित व्यक्तियों को 30 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे न्यायालय में उपस्थित होकर यह स्पष्ट करने का निर्देश दिया है कि एक वर्ष तक शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 5 लाख रुपये का व्यक्तिगत बंधपत्र एवं समान राशि की दो जमानतें क्यों न ली जाएं। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!