ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: अधेड़ की मौत के बाद शव लेकर सैयदराजा थाने पहुंचे ग्रामीण, किया हंगामा, ससुरालवालों पर मारपीट और इंजेक्शन लगाकर मारने का आरोप

चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गुरुवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। कल्याणपुर ग्राम सभा के मिश्रापुरा गांव निवासी महेंद्र राम की मौत से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने सैयदराजा थाने का घेराव कर दिया। मौके पर 100 से अधिक लोग जमा हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

 

मृतक के पुत्र सुनील कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके पिता महेंद्र राम 29 अप्रैल की सुबह सिवान की ओर गए थे। उसी दौरान उसके ससुरालपक्ष के लोग वहां पहुंचे। उन्होंने महेंद्र राम के साथ मारपीट की। इसी दौरान जहर की सुई भी लगा दी। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई।

 

बताया कि वह अन्य लोगों के साथ अपने पिता को लेकर पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने पहले इलाज कराने की बात कही। इसके बाद लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गया। वहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। परिजन उन्हें लेकर घर पहुंचे। रात में फिर उनकी तबीयत बिगड़ गई।

 

परिजन फिर उन्हें लेकर भागे-भागे अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर बीएचयू के लिए रेफर कर दिया। परिजन लेकर वाराणसी जा ही रहे थे कि जिला अस्पताल के गेट के पास ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

 

घटना से आक्रोशित परिजन शव को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटी रही।

Back to top button
error: Content is protected !!