ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: ‘सड़क करो अब गड्ढा मुक्त नहीं सहेंगे गड्ढायुक्त’, जर्जर सड़क को लेकर फूटा आक्रोश, मरम्मत की उठी मांग

चंदौली। किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने परमंदापुर गांव में किसान गोष्ठी आयोजित कर बेन-धरौली मार्ग की बदहाल स्थिति पर गहरा रोष जताया। वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क और उसमें बने गड्ढों को लेकर ग्रामीणों व किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की और तत्काल मरम्मत की मांग उठाई।

 

गोष्ठी में मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत बिजली के खंभों को हटाया जाना है, जिसके चलते प्रक्रिया में विलंब हो रहा है। हालांकि उन्होंने जोर देकर कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए फिलहाल सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जानी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

 

संगठन सलाहकार चंद्रसुधीर सिंह ने बताया कि पिछले चार वर्षों से इस मार्ग पर लोग गड्ढों से भरी सड़क पर यात्रा करने को मजबूर हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण में अभी एक वर्ष का समय लगेगा, ऐसे में तब तक गड्ढों को भरकर मार्ग को सुगम बनाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है।

 

वक्ता गोकुल पांडेय ने सरकार के चुनावी वादों का उल्लेख करते हुए कहा कि “गड्ढा मुक्त सड़क” का वादा आज भी अधूरा है और सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। वहीं संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि इस मार्ग से कई वरिष्ठ अधिकारी गुजर चुके हैं, लेकिन किसी ने भी समस्या की सुध नहीं ली। उन्होंने इसे प्रशासनिक उदासीनता करार दिया।

 

गोष्ठी में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में नारा दिया “सड़क करो अब गड्ढा मुक्त, नहीं सहेंगे गड्ढा युक्त।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो जिलाधिकारी का घेराव किया जाएगा और मामले को उच्च स्तर तक उठाया जाएगा।

 

कार्यक्रम में रवीन्द्र नाथ सिंह, बिष्णु पांडेय, सुरेश मौर्य, उपेंद्र सिंह, ओमप्रकाश सिंह, सुजीत कुमार, अमरेश पांडेय, कृष्णानंद पांडेय सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। गोष्ठी की अध्यक्षता भोलानाथ सिंह ने की, जबकि संचालन राम अवध सिंह ने किया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!