चंदौलीराज्य/जिला

लाइब्रेरी की आड़ में चल रहा था शेयर मार्केट ठगी का नेटवर्क, 12 गिरफ्तार

चंदौली। बलुआ  पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फर्जी Investment Advisory कॉल सेंटर संचालित करने के आरोप में मुख्य संचालक समेत 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरोह ग्राम सराय रसूलपुर में “Readers Community Club” नाम से लाइब्रेरी की आड़ में गतिविधियां संचालित कर रहा था। एसपी आकाश पटेल और एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने अपराधियों को मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया।

गिरोह के सदस्य मोबाइल फोन के जरिए लोगों से संपर्क कर खुद को शेयर मार्केट विशेषज्ञ और Investment Adviser बताते थे। अधिक मुनाफे का भरोसा देकर ग्राहकों के Demat और Trading Account की जानकारी लेकर उनके खातों को हैंडल करते थे। ट्रेडिंग में नुकसान होने पर ग्राहक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था और बाद में आरोपी मोबाइल फोन बंद कर संपर्क तोड़ देते थे।

मौके से पुलिस ने 24 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 42 सिम कार्ड, एक 250 जीबी Seagate हार्ड डिस्क, एक हस्तलिखित डायरी और दो रजिस्टर बरामद किए। डायरी और रजिस्टर में करीब 250 लोगों के नाम, मोबाइल नंबर और शेयर मार्केट/ट्रेडिंग से संबंधित विवरण दर्ज मिले। पुलिस द्वारा कुछ नंबरों पर संपर्क करने पर तीन लोगों ने करीब 9.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी या आर्थिक नुकसान की जानकारी दी।

मुख्य संचालक आनन्द मौर्या को पुलिस ने सुरतापुर काली माता मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो लैपटॉप और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 254/2026, धारा 318(4), 61(2), 3(5) बीएनएस और 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों में आनन्द मौर्या, प्रकाश मौर्या, जोगिंदर मौर्या, सिद्धार्थ मौर्या, अभिषेक विश्वकर्मा, विकास शर्मा, कुशवाहा, प्रीतम कुमार मौर्या, अमन कुमार मौर्या, आकाश मौर्या, विशाल गौड़ और विशाल मौर्या शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, बरामद अभिलेखों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के साथ NCRB पोर्टल और अन्य माध्यमों से विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, साइबर सेल के उपनिरीक्षक अभिषेक शुक्ला सहित बलुआ थाना और साइबर सेल के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!