चंदौलीराज्य/जिला

ग्राम प्रधान का शव गांव पहुंचते ही गमगीन हुआ माहौल, अंतिम दर्शन को उमड़ा हुजूम

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मजीदहा गांव के ग्राम प्रधान राकेश यादव का शव सोमवार को एंबुलेंस से गांव स्थित उनके घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। शव देखते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। अपने प्रधान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, शुभचिंतक और परिचित उनके आवास पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

ग्राम प्रधान राकेश यादव 22 जुलाई को वैष्णो देवी दर्शन के लिए जम्मू गए थे। दर्शन के बाद किसी आवश्यक कार्य के चलते वह जम्मू में ही रुक गए थे। उनका 13 अगस्त को वापस लौटने का टिकट था। इसी दौरान वह किराये की स्कूटी से बाजार जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। शनिवार को परिजनों को दुर्घटना की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया। सोमवार को शव गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े।

राकेश यादव अपने पीछे 12 वर्षीय पुत्री गुड़िया यादव और 10 वर्षीय पुत्र मंगल यादव को छोड़ गए हैं। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके निधन से मजीदहा गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। अंतिम दर्शन के लिए देर तक लोगों का तांता लगा रहा। हर कोई शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाता नजर आया।

पिता मनबोध यादव, माता रामरती देवी, पत्नी शिखा यादव, भाई अरबिंद, मनोज सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

Back to top button
error: Content is protected !!